लूट के दो आरोपी गिरफ्तार, लूटे गए जेवरात बरामद
सहसवान पुलिस ने बाइक सवार महिला से लूट का किया खुलासा
फोटो
सहसवान: कोतवाली पुलिस ने बाइक सवार महिला के साथ हुई लूट का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही लूटे गए जेवरात, घटना में प्रयुक्त बाइक और तमंचे कारतूस बरामद किए हैं।
कोतवाल नरेश कुमार सिंह ने बताया कि आठ क्षेत्र के गांव भगता नगला निवासी कल्यान सिंह अपनी बेटी प्रीति को उसकी ससुराल से वापस ला रहे थे। रास्ते में सहसवान सुकर्रा मार्ग पर कमनपुर मोड़ के पास पीछ़े से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने प्रीति की सोने की चैन व चांदी का गुच्छा लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के शिकायती पत्र पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए उपनिरीक्षक जावेद अली के नेतृत्व में टीम गठित कर लगाई गई थी। बुधवार रात करीब 11 बजे पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हरदतपुर रोड पर सरकारी ट्यूबवेल के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने नाम अरबाज पुत्र शरीफ अहमद निवासी पठान टोला और अजीम पुत्र अय्यूब निवासी बजरिया थाना सहसवान बताए। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चेन, चांदी का गुच्छा, घटना में प्रयुक्त बाइक और दो अवैध तमंचे 315 बोर मय कारतूस बरामद किए। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com