उसावां डाकघर को ग्रामीण क्षेत्र में शिफ्ट करने की तैयारी का विरोध, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ने उठाई आवाज
केशव गुप्ता
डाक अधीक्षक को पत्र सौंपकर की स्थानांतरण प्रस्ताव निरस्त करने की मांग, कहा- नगरवासियों को होगी परेशानी
उसावां (बदायूं)। नगर पंचायत उसावां में वर्षों से संचालित डाकघर को किसी अन्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के बाद विरोध शुरू हो गया है। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष धीरेन्द्र पाल गुप्ता उर्फ धीरू भाई ने जिला डाक अधीक्षक, बदायूं को पत्र भेजकर डाकघर को नगर पंचायत क्षेत्र में ही संचालित रखने की मांग की है।
10 नवंबर 2026 को भेजे गए पत्र में उन्होंने कहा कि उसावां का डाकघर कई वर्षों से नगर में संचालित है। जानकारी मिली है कि डाकघर को किसी अन्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव पारित किया गया है, जबकि यह निर्णय नगरवासियों के हित में उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत उसावां में बैंकिंग सेवाओं के साथ ब्लॉक कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाल विकास परियोजना कार्यालय, बीआरसी कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय और पुलिस थाना सहित कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय स्थित हैं। ऐसे में डाकघर को नगर से हटाकर किसी अन्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित करने से लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ने जिला डाक अधीक्षक से जनहित को ध्यान में रखते हुए डाकघर को उसावां में ही संचालित रखने तथा इसे अन्य ग्रामीण क्षेत्र में स्थानांतरित करने संबंधी प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com