7:40 pm Thursday , 12 November 2026
BREAKING NEWS

पटाखे से ट्रैक्टर में आग लगाने की कोशिश का आरोप

पटाखे से ट्रैक्टर में आग लगाने की कोशिश का आरोप, विरोध पर दो दलित भाइयों को पीटा

*एसएसपी के आदेश पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज; सीओ सिटी ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का किया निरीक्षण*

*कुंवरगांव संवाददाता*

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव *आजमगंज मढ़िया* में दीपावली की शाम ट्रैक्टर में पटाखे और तेज आग निकालने वाले बम से आग लगाने की कोशिश का मामला सामने आया है। विरोध करने पर दो दलित भाइयों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर थाने से कार्रवाई न होने के बाद एसएसपी से गुहार लगाई गई। एसएसपी के आदेश पर तीन दिन बाद पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी टिंकू पुत्र मोहनलाल ने तहरीर में बताया कि 8 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने भाई नितिन के साथ ट्रैक्टर से घर लौट रहा था। शिवशंकर की दुकान के पास राघवेंद्र ने हाथ देकर ट्रैक्टर रुकवा लिया। आरोप है कि इसके बाद ट्रैक्टर में पटाखे और तिकोने बम से आग लगाने की कोशिश की गई। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की। परिजन दोनों को बचाकर घर ले जाने लगे तो गमादेत मंदिर के पास दोबारा रास्ता रोककर जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित ने राघवेंद्र, शिवकुमार, अनिल, रितेश, शिवशंकर, नन्हेलाल और कालीचरण पर मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि नामजद आरोपियों में शामिल नन्हेलाल कुंवरगांव थाने में चौकीदार है और गांव में पुलिस का रसूख दिखाता है। घटना के बाद उसके भाई गुड्डू ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर रात करीब 9:51 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराकर लौट गई।

### आंबेडकर जयंती पर भी विवाद का आरोप

पीड़ित ने 14 अप्रैल 2026 को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के दौरान भी विवाद होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उस समय आपत्तिजनक वीडियो बनाकर फेसबुक पर पोस्ट किए गए थे। इस संबंध में भी थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने शिवकुमार पुत्र डोरीलाल, अनिल पुत्र शिवकुमार, रितेश पुत्र शिवकुमार, शिवशंकर पुत्र डोरीलाल, नन्हेलाल पुत्र डोरीलाल, कालीचरण पुत्र सोहनपाल और राघवेंद्र पुत्र नन्हेलाल के खिलाफ बलवा, मारपीट और जातिसूचक गालियां देने सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बुधवार को सीओ सिटी सुमेध मिलिंद ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.