10:12 pm Tuesday , 10 November 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव में घर-घर पूजे गए गोवर्धन महाराज

कुंवरगांव में घर-घर पूजे गए गोवर्धन महाराज, रज्जो किन्नर ने भी घर पर की पूजा-अर्चना

सुबह से ही घरों में शुरू हुईं तैयारियां, गोबर से बनाई गई गोवर्धन पर्वत की आकृति, अन्नकूट का लगाया भोग

कुंवरगांव (बदायूं)। कस्बा कुंवरगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। श्रद्धालुओं ने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अन्नकूट का भोग लगाया।

इस अवसर पर रज्जो किन्नर ने भी अपने घर पर गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना की। उन्होंने गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार पूजा की और अन्नकूट का भोग लगाया।

पूजा के लिए श्रद्धालु पशुपालकों के यहां से गोबर लेकर आए और उससे गोवर्धन पर्वत की आकृति तैयार की। महिलाओं और बच्चों ने भी पूजा की तैयारियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। घरों में परिवार के सदस्यों ने एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मान्यता है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था। इसी घटना की याद में दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा की परंपरा निभाई जाती है।

पूरे कस्बे में भक्ति और उल्लास का माहौल रहा। जगह-जगह जय गोवर्धन महाराज के जयकारे गूंजते रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.