उझानी में दो बाइकों की जबरदस्त भिड़ंत, तीन घायल… दो की हालत गंभीर, मेडिकल कॉलेज रेफर।
उझानी (बदायूं) 26 नवंबर ।

थाना उझानी क्षेत्र के वनगवां गांव के पास गुरुवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और तीन लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पहली बाइक पर थाना कादरचौक क्षेत्र के प्रेमी नगला गांव के रहने वाले 18 वर्षीय जगवीर पुत्र राजेंद्र और जलालपुर गांव के रहने वाले 13 वर्षीय मंजू पुत्र रामवीर सवार थे।
बताया जा रहा है कि दोनों किसी काम से उझानी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान वनगवां गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।
दूसरी बाइक पर थाना कादरचौक क्षेत्र के सरफुद्दीन नगला गांव के रहने वाले 35 वर्षीय सुम्मेरी पुत्र टोड़ीराम सवार थे। टक्कर लगते ही वे भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से तीनों घायलों को उझानी सीएचसी में भर्ती कराया गया।
जहां चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि हादसा कैसे हुआ, इसकी जांच की जा रही है। अभी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com