छोटी बहन को बचाने के लिए गंगा में कूदी बड़ी बहन, खुद डूबी; रामगंगा घाट पर दर्दनाक हादसा, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
केशव गुप्ता
बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चितरी स्थित रामगंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। छोटी बहन को गहरे पानी में डूबता देख बड़ी बहन ने उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। काफी मशक्कत के बाद छोटी बहन को तो सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन बड़ी बहन गहरे पानी में लापता हो गई। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम चंगासी निवासी गंगाधर की दो बेटियां संध्या (12 वर्ष) और बबीता (16 वर्ष) रामगंगा घाट पर गंगा स्नान करने पहुंची थीं। दोनों बहनों ने पहले घाट पर स्नान किया। इसके बाद वे करीब 500 मीटर दूर जल भरने के लिए जाने लगीं। इसी दौरान अचानक संध्या का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूबने लगी।
छोटी बहन को जिंदगी और मौत के बीच जूझता देख बबीता ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों और अन्य लोगों के प्रयास से संध्या को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन बबीता गहरे पानी में समा गई।
घटना की सूचना मिलते ही हजरतपुर थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल तलाश अभियान शुरू कराया। पूरे दिन खोजबीन के बावजूद बबीता का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद 25 नवंबर को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम द्वारा लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर लापता किशोरी की तलाश की जा रही है। पुलिस और SDRF की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हुई हैं।
बहन के लिए दिखाई हिम्मत, पूरे इलाके की आंखें हुईं नम
छोटी बहन की जान बचाने के लिए बबीता ने जिस साहस और ममता का परिचय दिया, उसने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया है। एक बहन की जान बचाने की कोशिश में दूसरी बहन का लापता हो जाना परिवार के लिए गहरा सदमा बन गया है। परिजन और ग्रामीण बबीता की सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं। फिलहाल रामगंगा घाट पर तलाश अभियान जारी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com