7:53 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

नर्सिंग होम में इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत,

नर्सिंग होम में इंजेक्शन लगने के बाद महिला की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप; बिना पंजीकरण चलने का भी आरोप

केशव गुप्ता

अलापुर। कस्बा अलापुर में एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ देर बाद एक महिला की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। महिला की मौत से आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम पहुंचकर जमकर हंगामा किया और चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।
जानकारी के अनुसार, अलापुर के वार्ड नंबर 15 निवासी तहसीन पत्नी मोहम्मद मियां के पैर में चोट लग गई थी। मंगलवार शाम वह अपने बेटे के साथ कस्बे में स्थित नाजिया नर्सिंग होम में दवा लेने पहुंचीं। आरोप है कि वहां मौजूद डॉक्टर पुत्तन ने उन्हें दवा देने के बाद इंजेक्शन लगाने की सलाह दी। इस पर महिला के बेटे ने इंजेक्शन लगाने से मना किया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद चिकित्सक ने इंजेक्शन लगा दिया।
परिजनों के मुताबिक, इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद ही तहसीन की हालत अचानक बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गुस्साए परिजनों ने नर्सिंग होम पहुंचकर हंगामा किया और पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वहीं, नाजिया नर्सिंग होम के स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत नहीं होने और बिना पंजीकरण के संचालित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अब सवाल यह है कि बिना पंजीकरण के कथित तौर पर संचालित हो रहे नर्सिंग होम पर स्वास्थ्य विभाग की नजर क्यों नहीं पड़ी? मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच और कार्रवाई का इंतजार है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.