तालाब में मिला दो वर्षीय मासूम कृष्णा का शव, परिवार में मचा कोहराम
केशव गुप्ता
बुधवार सुबह घर से खेलने निकला था बच्चा, गुरुवार को घर से 200 मीटर दूर तालाब में मिला शव; पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा
वगरैन (बदायूं)। थाना वजीरगंज क्षेत्र के मुड़िया सतासी गांव में दो वर्षीय मासूम बच्चे का शव तालाब में मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राजकुमार का दो वर्षीय पुत्र कृष्णा बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर से खेलने के लिए बाहर निकला था। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने पहले सोचा कि बच्चा आसपास खेल रहा होगा। लेकिन जब वह काफी देर तक नहीं मिला तो परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
घंटों खोजबीन के बाद भी कृष्णा का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को बच्चे के लापता होने की सूचना दी। सूचना पर वगरैन पुलिस ने गांव और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन बच्चे के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने बुधवार देर शाम गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी।
गुरुवार को भी काफी तलाश के बाद जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो पुलिस ने घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित तालाब में गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई। कुछ देर की मशक्कत के बाद तालाब से लापता मासूम कृष्णा का शव बरामद हुआ।
दो दिन से बच्चे की तलाश में जुटे परिजनों को जैसे ही शव मिलने की जानकारी हुई, परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बदायूं भेज दिया। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com