7:53 pm Thursday , 26 November 2026
BREAKING NEWS

एसएसपी को शिकायत करना पत्रकार को पड़ा भारी

एसएसपी को शिकायत करना पत्रकार को पड़ा भारी! बिनावर पुलिस पर पत्रकार और उनके चाचा को झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप

केशव गुप्ता

कप्तान को फोन कर मारपीट की सूचना देने के बाद बढ़ा विवाद, दरोगा भूपेंद्र सिंह पर धमकी और दबाव बनाने का आरोप; मुख्यमंत्री से लेकर पुलिस के उच्चाधिकारियों तक पहुंचा मामला
बदायूं। जनपद के थाना बिनावर क्षेत्र के गांव नदौलिया में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट का मामला अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बदायूं को घटना की सूचना देना एक पत्रकार को भारी पड़ने का आरोप सामने आया है। पत्रकार शिवेंद्र यादव का आरोप है कि उन्होंने गांव में हुई मारपीट की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी थी, लेकिन निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय बिनावर पुलिस ने उनके और उनके चाचा धर्मेंद्र सिंह के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी।
एसएसपी को फोन किया तो बढ़ गई मुश्किलें!
पत्रकार शिवेंद्र यादव के मुताबिक, गांव नदौलिया में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने कई बार थाना बिनावर पुलिस को फोन किया, लेकिन कथित तौर पर फोन नहीं उठाया गया। इसके बाद उन्होंने एसएसपी के सीयूजी नंबर और डायल 112 पर फोन कर घटना की जानकारी दी तथा शिकायत भी दर्ज कराई।
पत्रकार का आरोप है कि अधिकारियों तक शिकायत पहुंचने के बाद पुलिस का रवैया उनके प्रति बदल गया और कुछ ही समय बाद उनके तथा उनके चाचा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
दरोगा भूपेंद्र सिंह पर धमकी देने का आरोप
शिवेंद्र यादव ने हल्का उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि एसएसपी से शिकायत करने के बाद दरोगा ने कथित तौर पर कहा कि इस पत्रकार का नाम भी लिखो, मैं इसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करूंगा। पत्रकार का आरोप है कि इसके बाद रात करीब 11 बजे, महज 24 घंटे के भीतर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
उन्होंने इस कार्रवाई को शिकायत करने के कारण की गई कार्रवाई बताते हुए दरोगा की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मेडिकल रिपोर्ट होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव में हुए विवाद में एक पक्ष से राहुल तथा दूसरे पक्ष से धन सिंह, मुकेश, रामनाथ, अरुण और मोनू शामिल थे। आरोप है कि मारपीट में घायल राहुल की मेडिकल रिपोर्ट होने के बावजूद उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
पत्रकार का कहना है कि जिस मामले में घायल पक्ष की शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए थी, उसमें उनके चाचा धर्मेंद्र सिंह और उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर दिया गया। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दोनों पक्षों के मेडिकल परीक्षण और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर जांच की मांग की है।
मुख्यमंत्री पोर्टल तक पहुंचा मामला
पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट पत्रकार शिवेंद्र यादव ने 23 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को शिकायती प्रार्थना पत्र भेजा। इसके साथ ही जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिसका संदर्भ संख्या 40014926061573 बताया गया है।
पत्रकार ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बिनावर पुलिस ने मामले में एकपक्षीय कार्रवाई की और मेडिकल रिपोर्ट को भी नजरअंदाज किया। उन्होंने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उनके तथा उनके चाचा के खिलाफ दर्ज कथित झूठी एफआईआर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
डीजीपी, आईजी और जिलाधिकारी को भी भेजी शिकायत
पत्रकार ने मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र की प्रतिलिपि पुलिस महानिदेशक लखनऊ, पुलिस महानिरीक्षक बरेली जोन और जिलाधिकारी बदायूं को भी भेजी है। उन्होंने अधिकारियों से पूरे प्रकरण में हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने की अपील की है।
एसएसपी से की गईं ये प्रमुख मांगें
गांव नदौलिया में हुई मारपीट की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
दोनों पक्षों की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
घटना के समय धर्मेंद्र सिंह और पत्रकार शिवेंद्र यादव की मौजूदगी की जांच की जाए।
उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
पत्रकार और उनके चाचा के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या एसएसपी बदायूं इस पूरे मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराएंगे? फिलहाल पत्रकार ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आना बाकी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.