7:42 pm Tuesday , 24 November 2026
BREAKING NEWS

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी

केशव गुप्ता

उसावां क्षेत्र के उसहैत, अटेना, सरेली पुख्ता और भुंडी घाटों पर सुबह से शुरू हुआ स्नान-दान का सिलसिला, कालसेन बाबा मंदिर में भी उमड़ी भक्तों की भीड़
बदायूं। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को उसावां ब्लॉक क्षेत्र के उसहैत नगर सहित अटेना, सरेली पुख्ता और भुंडी स्थित गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर पहुंचे और आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा मैया की आरती उतारी, दीपदान किया और जरूरतमंदों को दान देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। घाटों पर शंख और घंटियों की गूंज के साथ हर-हर गंगे के जयकारे लगते रहे।
श्री कालसेन बाबा मंदिर के पुजारी रामगोबिंद गंगादीन ने बताया कि कार्तिक मास में सुबह स्नान, दीपदान, भगवान विष्णु की पूजा और दान-पुण्य का विशेष महत्व है। कार्तिक पूर्णिमा को पूरे महीने चलने वाले धार्मिक अनुष्ठानों का समापन पर्व माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन गंगा स्नान और पूजा-अर्चना करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से जरूरतमंदों की मदद करने और गंगा घाटों पर स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। घाटों पर थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, कटरा सआदतगंज चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार राघव सहित पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गोताखोरों, एसडीआरएफ की टीम और स्टीमर नाव की व्यवस्था की गई थी। साथ ही श्रद्धालुओं को गहरे पानी में स्नान करने से रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी गई।
इधर, श्री कालसेन बाबा मंदिर में भी सुबह से हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और बाबा को प्रसाद चढ़ाया। भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे।
वहीं, ककोड़ा मिनीकुंभ मेले में उसहैत क्षेत्र से हजारों श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। इसके चलते मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ गई। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के निर्देश पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई। पूरे क्षेत्र में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.