फैजगंज बेहटा में चोरों का आतंक! थाने के पास मोबाइल दुकान समेत तीन घरों को बनाया निशाना, नकदी-जेवर और 20 मोबाइल चोरी
केशव गुप्ता
एक ही रात में तीन वारदातों से इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस की गश्त पर उठे सवाल
फैजगंज बेहटा (बदायूं)। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में चोरी की तीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। चोरों ने पुराने थाने के पास हाईवे किनारे स्थित मोबाइल दुकान का रोशनदान तोड़कर नकदी और करीब 20 मोबाइल फोन चोरी कर लिए। वहीं, गांव खजुरिया में दो बंद मकानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवर, बर्तन और अनाज पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हुई घटनाओं से ग्रामीणों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
थाने के पास मोबाइल दुकान में लाखों का नुकसान
ग्राम गंगापुर सराय निवासी अनिल यादव उर्फ राहुल की पुराने थाने के पास मोबाइल की दुकान है। पीड़ित के अनुसार, 16 नवंबर की रात चोर दुकान का रोशनदान तोड़कर अंदर घुस गए। चोर छह नए कीपैड मोबाइल, रिपेयरिंग के लिए आए 12 से 14 पुराने एंड्रॉयड मोबाइल, गल्ले में रखे 5,300 रुपये और दूसरी रैक में रखे 40 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
खजुरिया में दो बंद मकानों को खंगाला
इसी रात चोरों ने गांव खजुरिया निवासी आनंदपाल के बंद मकान को निशाना बनाया। आनंदपाल सिकंदराबाद में नौकरी करते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में चोरों ने ताला तोड़कर 15 हजार रुपये नकद, पाजेब, अंगूठी, बर्तन, सात बोरी धान और पांच बोरी गेहूं चोरी कर लिया।
इसके बाद चोरों ने गांव के ही रघुनाथ के बंद मकान का ताला तोड़कर अलमारी और बक्सों को खंगाल डाला। रघुनाथ परिवार सहित बाहर रहते हैं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके लौटने के बाद चोरी हुए सामान का सही आकलन हो सकेगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष कपिल कुमार ने बताया कि खजुरिया गांव के दोनों मकानों में हुई चोरी के संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में अभी तक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
एक ही रात में तीन स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा चोरियों का जल्द खुलासा करने की मांग की है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com