12:25 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

उझानी पुलिस ने रचा मानवता का इतिहास, 2 साल की मासूम को सिर्फ 10 मिनट में खोजकर माँ की गोद में सौंपा

उझानी पुलिस ने रचा मानवता का इतिहास, 2 साल की मासूम को सिर्फ 10 मिनट में खोजकर माँ की गोद में सौंपा।

उझानी (बदायूँ) 17 नवंबर।

जब एक माँ की गोद से उसकी 2 साल की मासूम बच्ची गुम हो जाती है, तो वो 10 मिनट भी 10 जन्म जैसे लगते हैं। ऐसा ही मंजर मंगलवार को उझानी कस्बे में देखने को मिला, लेकिन उझानी पुलिस ने जिस तत्परता और मानवता का परिचय दिया, उसने पूरे जिले में पुलिस की छवि को एक बार फिर ऊँचा कर दिया।

बताया गया कि एक महिला अपनी 2 वर्षीय बच्ची के साथ उझानी कस्बे में आई थी। ग्राहक सेवा केंद्र के पास भीड़ में अचानक बच्ची झलक माँ से बिछड़ गई। माँ ने इधर-उधर बहुत तलाश की, लेकिन बच्ची कहीं नहीं मिली। घबराहट में माँ का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक उझानी धर्मेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पूरी थाना पुलिस हरकत में आ गई। एक पल भी गंवाए बिना पुलिस टीम ने कस्बे में नाकेबंदी कर तलाश शुरू कर दी। दुकानों, गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बच्ची की तलाश की गई।

पुलिस की मुस्तैदी का ही नतीजा था कि महज 10 मिनट के अंदर बच्ची को सकुशल खोज लिया गया। बच्ची को देखते ही माँ की आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। माँ ने बच्ची को सीने से लगा लिया। वह पल वहाँ मौजूद हर व्यक्ति के लिए भावुक कर देने वाला था।

बच्ची को परिजनों को सौंपने के बाद प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बड़े ही प्यार से बच्ची को चॉकलेट व बिस्कुट आदि खिलाए। पुलिस के इस मानवीय व्यवहार को देखकर परिजनों ने प्रभारी निरीक्षक व उझानी पुलिस का दिल से धन्यवाद किया और भूरि-भूरि प्रशंसा की।

परिजनों ने कहा कि पुलिस ने सिर्फ बच्ची को नहीं खोजा, बल्कि एक माँ की उजड़ती दुनिया को फिर से बसा दिया है।

इस त्वरित कार्रवाई की चर्चा पूरे उझानी कस्बे में हो रही है। लोगों का कहना है कि उझानी पुलिस ने साबित कर दिया है कि पुलिस सिर्फ कानून की रक्षक नहीं, बल्कि मानवता की सबसे बड़ी मिसाल भी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.