12:25 am Wednesday , 18 November 2026
BREAKING NEWS

गोपाष्टमी पर सरकार से एक विनम्र निवेदन गौवंश संरक्षण के साथ ग्रामीण रोजगार का भी मार्ग प्रशस्त हो

आज गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मैं सरकार के सामने अपने मन का एक विचार रखना चाहता हूँ।
सरकार गौवंश के संरक्षण और गोशालाओं पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। लेकिन मेरा मानना है कि केवल गायों के संरक्षण से काम नहीं चलेगा, हमें बैलों के संरक्षण और उनके उपयोग के लिए भी कोई ठोस व्यवस्था बनानी होगी।
मेरे मन में एक सुझाव है।
कछला गंगा घाट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों से शहरों तक पहुँचाते हैं। इस कारोबार से सरकार को रॉयल्टी भी प्राप्त होती है, लेकिन इसमें चोरी और अनियमितताओं की शिकायतें भी रहती हैं।
सरकार यदि एक नई योजना शुरू करे कि कछला गंगा घाट से नियमानुसार रेत लाने के लिए ग्रामीणों को बैलगाड़ी से परिवहन की अनुमति दी जाए और बैलगाड़ी से रेत लाने पर कोई अलग परिवहन शुल्क या टैक्स न लिया जाए, तो इसके बहुत सकारात्मक परिणाम हो सकते हैं।
इससे तीन बड़े लाभ होंगे:
गौवंश का संरक्षण: गाँव के लोग बैलों को पालने के लिए प्रोत्साहित होंगे। बैलों का आर्थिक उपयोग बढ़ेगा और उन्हें निराश्रित छोड़ने की समस्या कम होगी।
ग्रामीण रोजगार: गाँव के गरीब और छोटे किसान बैलगाड़ी से रेत लाकर शहर में बेच सकेंगे। उन्हें रोजगार का एक नया साधन मिलेगा।
परंपरा और पर्यावरण का संरक्षण: हमारी पुरानी बैलगाड़ी व्यवस्था को नया जीवन मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
सरकार से मेरा निवेदन है कि इस विचार पर गंभीरता से विचार करे और कछला घाट से इसकी शुरुआत एक पायलट योजना के रूप में करे। रेत की निकासी और पर्यावरण संबंधी सभी वैधानिक नियमों का पालन हो, लेकिन बैलगाड़ी से परिवहन करने वाले ग्रामीणों को विशेष छूट और प्रोत्साहन दिया जाए।
मेरा विश्वास है कि यदि सरकार ऐसी व्यवस्था बनाती है तो गाँव का व्यक्ति स्वयं आगे आकर बैल पालेगा। उसे बैल पालने में आर्थिक लाभ दिखाई देगा और गौवंश संरक्षण केवल सरकारी खर्च का विषय न रहकर ग्रामीणों की आजीविका से भी जुड़ जाएगा।
गोपाष्टमी पर मेरी सरकार से यही अपेक्षा है कि गौमाता की पूजा के साथ-साथ उनके वंश और बैलों के जीवन को बचाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएँ।
बोलिए गौ माता की जय!
जय गोमाता! जय गोपाल!
डॉ उमेन्द्र कुमार गुप्ता बिल्सी बदायूं यू पी

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.