उझानी घर की तरफ पटाखा फेंकने पर हुआ विवाद, महिला को लोहे की रॉड मारकर किया बेहोश, छत से फेंके ईंट-पत्थर।
उझानी बदांयू 13 नवंबर।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रोशन नगर में घर की तरफ पटाखा फेंकने को लेकर हुए विवाद में एक महिला को बुरी तरह मारपीट कर घायल कर देने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता शीतल देवी पत्नी अंगद निवासी ग्राम रोशन नगर उझानी ने तहरीर में बताया कि उसके घर के सामने भोले पुत्र राजू पटाखे जला कर फेंक रहा था। तभी एक पटाखा उसके घर की तरफ फेंका गया। उसके पति ने इसका विरोध किया तो राजू आ गए और बोले, क्या कर लेगा, तुझे अभी मारू।
आरोप है कि इतने में उनके घर के सभी लोग विकास पुत्र चरण, आकाश पुत्र राजकुमार, अभी पुत्र राजू, आशा पत्नी भगवान सिंह, भोले पुत्र राजू उसके घर में घुस आए। सभी ने मिलकर पीड़िता व उसके पति को बुरी तरह मारा-पीटा।
तहरीर में कहा गया है कि भोले ने जान से मारने की नीयत से पीड़िता के सिर में लोहे की रॉड मार दी, जिससे उसका सिर फट गया और वह बेहोश हो गई। इसके बाद सभी लोग अपने घर की छत पर चढ़ गए और वहां से ईंटें फेंकी।
पीड़िता के पति ने 112 पर कॉल की और अपनी पत्नी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़िता इलाज के दौरान ही तहरीर लेकर कोतवाली पहुंची।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि उक्त लोग मई 2026 में भी मारपीट कर चुके हैं, जिसका FIR NO 162/2026 है। आरोप है कि उस दौरान उसके पति अंगद का पैर तोड़ दिया गया था, जिसमें रॉड पड़ी है।
पीड़िता का आरोप है कि उसे आए दिन धमकी दी जाती है कि गांव छोड़कर भाग जाओ, नहीं तो किसी दिन जान से मार दूंगा।
पीड़िता ने प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह से रिपोर्ट लिखकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com