7:53 pm Thursday , 12 November 2026
BREAKING NEWS

21 से शादी शुरू: उझानी में बजेंगे ढोल-नगाड़े, फुल हो गए होटल-लॉन।

21 से शादी शुरू: उझानी में बजेंगे ढोल-नगाड़े, फुल हो गए होटल-लॉन।

20 नवंबर देवउठनी एकादशी से खुलेंगे मांगलिक कार्यों के द्वार, 21 नवंबर तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन ही जिले में 200 से अधिक शादियों का अनुमान।

उझानी (बदायूँ) 12 नवंबर ।

दीपावली पर बाजारों में जमकर धनवर्षा के बाद अब 21 नवंबर से शादी शुरू हो रही है। शादियों का सीजन कारोबारियों के लिए खुशियां लेकर आ रहा है। 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के साथ मांगलिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। वहीं, 21 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह के दिन उझानी-बदायूँ क्षेत्र में ही 200 से अधिक शादियां होने का अनुमान है।

नवंबर-दिसंबर की सहालग के लिए उझानी के होटल, लॉन, गेस्ट हाउस और रिसॉर्ट की बुकिंग लगभग फुल हो चुकी है। इस बार शादियों में मेहमानों की संख्या बढ़ने के साथ खर्च करने का ट्रेंड भी लौट आया है।

शादी समारोहों के लिए लॉन लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। कैटरिंग की बुकिंग औसतन 450 से 500 मेहमानों के लिए कराई जा रही है। कोरोना काल के बाद जहां शादियों में 250 से 300 मेहमान बुलाने का चलन बढ़ा था, वहीं अब फिर से बड़े आयोजन होने लगे हैं। सुबह फेरे और रात में मेहमानों की खातिरदारी का ट्रेंड भी तेजी से बढ़ा है।

कब-कब हैं शुभ मुहूर्त?
नवंबर में – 21, 24, 25, 26 और 30 तारीख को विवाह के शुभ मुहूर्त हैं।
दिसंबर में – 2, 3, 4, 5, 6, 11 और 12 तारीख को शादियां होंगी।
इस दौरान ऑटोमोबाइल, मेवा, टेंट, किराना और सोना-चांदी के कारोबार को भी रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

शादी समारोहों को यादगार बनाने के लिए लोग जमकर खर्च कर रहे हैं। कई परिवार दिल्ली और मुंबई के बड़े होटलों में काम करने वाले शेफ को खास व्यंजन तैयार करने के लिए बुला रहे हैं। एक शादी पर औसतन पांच से आठ लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

क्या बोले ज्योतिषाचार्य?
ज्योतिषाचार्य पंडित दिनेश पाठक ने बताया कि 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु का विधिवत पूजन कर उन्हें योगनिद्रा से जगाया जाएगा। 21 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.