10:35 pm Tuesday , 10 November 2026
BREAKING NEWS

खेत में करंट से गर्भवती गाय की दर्दनाक मौत, शव दफनाने पर ग्रामीणों का हंगामा

खेत में करंट से गर्भवती गाय की दर्दनाक मौत, शव दफनाने पर ग्रामीणों का हंगामा

केशव गुप्ता

झटका मशीन से जुड़े तार की चपेट में आई गाय; पुलिस ने खुदवाकर निकलवाया शव, कराया पोस्टमार्टम

बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के खेड़ा जलालपुर गांव में खेत की बाड़ में लगाए गए करंट की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गाय करीब छह माह की गर्भवती थी। घटना शिवनाथ बाबा मंदिर के पास की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गाय खेत की बाड़ के पास मृत अवस्था में पड़ी मिली। खेत में आवारा पशुओं को रोकने के लिए झटका करंट वाला तार लगाया गया था। इसकी झटका मशीन खेत मालिक महेश के घर पर खेत से करीब 200 मीटर दूर लगी हुई थी।
आरोप है कि गाय की मौत के बाद खेत मालिक ने उसके शव को दफना दिया। इसकी जानकारी मिलने पर पशु प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दफनाए गए शव को खुदवाकर बाहर निकलवाया। इसके बाद पुलिस ने गाय के शव का पोस्टमार्टम कराया।
उसहैत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पुलिस को तहरीर प्राप्त हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.