8:22 pm Friday , 6 November 2026
BREAKING NEWS

सपा सांसद आदित्य यादव, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और अध्यक्षता चेयरमैन फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शों को किया रवाना

31 ई-रिक्शों से रफ्तार पकड़ेगी शहर की सफाई, फैंसी लाइटों से जगमगाया बदायूं

मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और अध्यक्षता चेयरमैन फात्मा रजा ने हरी झंडी दिखाकर ई-रिक्शों को किया रवाना

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए लगाए जाएंगे ई-रिक्शे, संकरी गलियों तक पहुंचेगी सफाई व्यवस्था

नगर पालिका कैम्पस में फैंसी लाइटों का सांसद, पूर्व मंत्री और चेयरमैन ने बटन दबाकर किया शुभारंभ

सांसद आदित्य यादव ने चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों की सराहना की, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की पहल

पूर्व मंत्री आबिद रजा ने गिनाईं नगर पालिका की उपलब्धियां, भविष्य में विकास और जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने का दावा

बदायूं। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और सौंदर्यीकरण को नई पहचान देने की दिशा में नगर पालिका परिषद ने दो महत्वपूर्ण पहल की हैं। नगर पालिका की ओर से खरीदे गए 31 ई-रिक्शों को सफाई व्यवस्था में शामिल किया गया है। वहीं घंटाघर और नगर पालिका में लगाए गए आकर्षक फैंसी लाइटों से शहर का प्रमुख मार्ग रोशनी से जगमगा उठा। नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव, विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा और अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने संयुक्त रूप से 31 ई-रिक्शों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद सांसद ने लाइटों का बटन दबाकर प्रकाश व्यवस्था का शुभारंभ किया।

इस मौके पर मुख्य अतिथि सपा सांसद आदित्य यादव ने नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए वाहनों की उपलब्धता महत्वपूर्ण कदम है। 31 ई-रिक्शों के संचालन से सफाई कर्मचारियों को सहूलियत मिलेगी और शहर के प्रत्येक वार्ड तथा मोहल्ले तक सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए इस तरह के प्रयास जरूरी हैं। नगर पालिका की ओर से जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं।

विशिष्ट अतिथि पूर्व मंत्री आबिद रजा ने कहा कि नगर पालिका शहर के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। 31 ई-रिक्शों के संचालन से घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। शहर की संकरी गलियों और ऐसे मोहल्लों में जहां बड़े कूड़ा वाहन नहीं पहुंच पाते, वहां इन छोटे वाहनों से आसानी से कूड़ा उठाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना पालिका की जिम्मेदारी है और इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।

अध्यक्षता नगर पालिका चेयरमैन फात्मा रजा ने बताया कि 31 ई-रिक्शों को विशेष रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के उद्देश्य से खरीदा गया है। इन्हें शहर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लगाया जाएगा, जिससे घरों से कचरा एकत्र करने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि पालिका का लक्ष्य शहर के प्रत्येक घर, गली और वार्ड तक बेहतर सफाई व्यवस्था पहुंचाना है। छोटे वाहनों के माध्यम से संकरी गलियों में भी नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था के साथ-साथ शहर के सौंदर्यीकरण और आधुनिक जनसुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान घं नगर पालिका कैम्पस में लगाई गई फैंसी लाइटों का भी शुभारंभ किया गया। सांसद आदित्य यादव ने बटन दबाकर प्रकाश व्यवस्था शुरू की तो पूरा मार्ग आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। रात के समय दूधिया और रंगीन रोशनी से सजे इस मार्ग की सुंदरता देखते ही बन रही थी। इससे न केवल शहर के प्रमुख मार्ग का सौंदर्य बढ़ेगा, बल्कि रात में आवागमन करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी।

नगर पालिका की इन दोनों पहलों को शहर की सफाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में सभासद, पालिका अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.