बिसौली। एस.डी.बी. पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को “सत्यनिष्ठा से समृद्धि” विषय के साथ वरिष्ठ नागरिक दिवस के उपलक्ष्य में विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 6, 7 एवं 8 के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सत्यनिष्ठा, अच्छे संस्कार तथा अपने बुजुर्गों के प्रति प्रेम, आदर और सम्मान की भावना विकसित करना रहा। इस मौके पर विद्यार्थियों ने अपने दादा-दादी और नाना-नानी के लिए भावपूर्ण एवं हृदयस्पर्शी पत्र लिखे। पत्रों के माध्यम से बच्चों ने अपने बुजुर्गों के प्रति प्रेम, कृतज्ञता और सम्मान की भावनाओं को सुंदर शब्दों में व्यक्त किया। गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन अपने बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लेंगे, उनकी बातों का सम्मान करेंगे, उनका कहना मानेंगे तथा उनकी सेवा और सहायता करेंगे।
विद्यार्थियों को यह संदेश भी दिया गया कि सच्ची समृद्धि केवल धन-संपत्ति में नहीं, बल्कि सत्यनिष्ठा, अच्छे संस्कार, प्रेम, सेवा और बड़ों के आशीर्वाद में निहित है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कविता कथूरिया, शिल्पी गर्ग, प्रियेेश शखधर, अनमोल सिंह, स्वाति अग्रवाल, गायत्री मिश्रा, पवित्र पाठक एवं ललित राघव का विशेष सहयोग रहा। विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनू बत्रा ने विद्यार्थियों को बुजुर्गों के अनुभवों से सीख लेने और सदैव उनका सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल के डायरेक्टर अखिलेश वार्ष्णेय ने बच्चों को सत्य, सेवा और संस्कारों के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com