2:05 pm Sunday , 20 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में भाजपा का मास्टर स्ट्रोक: राकेश मिश्रा ‘अनावा’ पर फिर जताया भरोसा, उझानी में बगावत!

उझानी / बदायूं, 20 सितंबर।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बदायूं में बड़ा सियासी दांव खेल दिया है। प्रदेश हाईकमान ने एक बार फिर राकेश कुमार मिश्रा ‘अनावा’ को बदायूं का जिला प्रभारी नियुक्त किया है। लगातार दूसरी बार कमान मिलने के बाद समर्थकों में जश्न है, तो दूसरी तरफ पार्टी के अंदर ही घमासान शुरू हो गया है।

शनिवार देर रात नियुक्ति का लेटर वायरल होते ही उझानी से भाजपा में भूचाल आ गया। भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजीव गुप्ता ने फेसबुक पर खुला मोर्चा खोल दिया और जिला प्रभारी पर सीधा हमला बोल दिया।

अपनी वायरल पोस्ट में गुप्ता ने राकेश मिश्रा ‘अनावा’ की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है –
वह जिन नेताओं के घर जाते हैं, पीठ पीछे उन्हीं की बुराई करते हैं। पोस्ट में उन्होंने वरिष्ठ नेता प्रेम स्वरूप पाठक और उनके बेटे का जिक्र तक कर दिया। उन्होंने यह आरोप भी मढ दिया कि सपा छोड़कर भाजपा में आए लोगों को पैसे के दम पर टिकट दिलवाए गए।
निष्ठावान कार्यकर्ताओं का शोषण हुआ और संगठन को अंदर ही अंदर खोखला किया गया।

गुप्ता ने मांग की है कि ऐसे व्यक्ति को हटाकर किसी ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता को जिला प्रभारी बनाया जाए।

नोट: यह सभी आरोप संजीव गुप्ता की सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित हैं, BDN INDIA इसकी पुष्टि नहीं करता।

संगठन में अनावा का नाम कोई नया नहीं। करीब 40 साल का सियासी सफर। 1985-86 में RSS की विचारधारा से जुड़कर साइकिल से बदायूं-शाहजहांपुर के गांव-गांव में संगठन खड़ा किया। शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष से लेकर ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री तक का सफर तय किया। फरवरी 2026 में ब्रज क्षेत्र के प्रशिक्षण शिविर में भी उनकी अहम भूमिका रही थी।

इस पूरे विवाद पर राकेश कुमार मिश्रा ‘अनावा’ ने कहा, “दूसरी बार जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए सौभाग्य है। पिछली बार भी सबको साथ लेकर चला था, इस बार भी बदायूं की सभी 6 विधानसभा सीटें जीतना ही लक्ष्य है।

सोशल मीडिया पर विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा, “मुझे ऐसी किसी पोस्ट की जानकारी नहीं है। मेरा किसी से कोई विवाद नहीं। अगर कोई व्यक्तिगत द्वेष रख रहा है तो मैं क्या कह सकता हूं।

अब देखना होगा कि भाजपा का यह ‘अनावा’ दांव बदायूं में कमल खिलाएगा या अंदरूनी कलह पार्टी पर भारी पड़ेगी।

रिपोर्ट: राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस