1:12 pm Wednesday , 4 November 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, तीन नवजात जीवित; एक की हुई मौत

बदायूं में महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म, तीन नवजात जीवित; एक की हुई मौत

केशव गुप्ता

दो बेटियां और एक बेटा आईसीयू में भर्ती, मां की हालत स्थिर; दुर्लभ प्रसव की खबर से अस्पताल में जुटे लोग
बदायूं। जनपद में एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म देकर सभी को हैरान कर दिया। हालांकि, इस खुशी के बीच परिवार को एक बच्चे की मौत का दुख भी झेलना पड़ा। चार नवजातों में एक बेटी मृत पैदा हुई, जबकि दो बेटियां और एक बेटा जीवित हैं। तीनों नवजातों को बेहतर उपचार और देखभाल के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है। वहीं, मां की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव करौलिया निवासी एकता अपने पति रामबाबू के साथ अल्ट्रासाउंड कराने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित सुधीर नर्सिंग होम पहुंची थीं। यहां डॉक्टर लतिका ने जांच के बाद उन्हें भर्ती कराकर प्रसव कराने की सलाह दी। परिजनों ने एकता को अस्पताल में भर्ती करा दिया।
बताया गया कि ऑपरेशन से पहले ही डॉक्टर ने परिजनों को जानकारी दे दी थी कि गर्भ में एक बच्चे की मौत हो चुकी है। इसके बाद ऑपरेशन के जरिए एकता का प्रसव कराया गया, जिसमें उन्होंने चार बच्चों को जन्म दिया। इनमें एक बेटी मृत पैदा हुई, जबकि दो बेटियां और एक बेटा जीवित हैं।
डॉक्टरों के मुताबिक, प्रसूता की हालत ठीक है। तीनों जीवित नवजातों को विशेष देखभाल के लिए डॉक्टर आनंद हरि नर्सिंग होम के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी निगरानी की जा रही है।
एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर फैलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में तीन बच्चों के जन्म से खुशी का माहौल है, हालांकि एक नवजात की मौत से परिजन दुखी भी हैं। चिकित्सकों ने इसे दुर्लभ मामला बताते हुए तीनों नवजातों की विशेष देखभाल किए जाने की बात कही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.