> बदायूं। श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में श्री राधा रानी जी के पावन जन्मोत्सव राधा अष्टमी महोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं उल्लास के साथ किया गया। संकीर्तन मंडल, श्री बाल दुर्गा मंडल, श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल एवं श्री सुंदरकांड कमेटी के सदस्यों ने भजन-कीर्तन में सहभागिता की।
संकीर्तन के दौरान जैसे-जैसे राधा रानी जी के बधाई गीतों और भजनों की धुन तेज हुई, भक्तों का उत्साह भी बढ़ता गया। तालियों की गूंज के बीच श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नृत्य करने लगे। भक्तों के चेहरे पर जन्मोत्सव की खुशी और हृदय में राधा नाम की भक्ति दिखाई दे रही थी। महिला श्रद्धालुओं ने भी बधाई गीतों पर उत्साहपूर्वक नृत्य कर राधा रानी जी के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
इस अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और कार्यक्रम में सहभागिता की।
श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि राधा अष्टमी का यह आयोजन श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण रहा। उन्होंने कहा कि जब समाज के विभिन्न मंडल और श्रद्धालु एक साथ मिलकर धार्मिक आयोजन में सहभागी बनते हैं, तो ऐसे उत्सव की भव्यता और भी बढ़ जाती है।
कार्यक्रम में श्री राधा रानी जी को मालपुआ एवं खीर का विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद शयन आरती संपन्न हुई तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “राधे-राधे, जय श्री राधे” के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।







bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


