7:33 pm Friday , 18 September 2026
BREAKING NEWS

पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान जारी।

बरेली

पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान जारी।

बरेली, 18 सितम्बर।

पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर मंडल में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत आज ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता’ के अंतर्गत स्कूली बच्चों के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल, न्यू मॉडल कॉलोनी, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल, ऑफिस कॉलोनी, गीतांजलि जूनियर हाई स्कूल, रोड नं. 4 तथा केंद्रीय विद्यालय, पूर्वोत्तर रेलवे, इज्जतनगर के छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छता विषयक कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने चित्रकला के माध्यम से ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को कचरे के पृथक्करण और अलग-अलग रंग के डस्टबिन के उचित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

बच्चों में स्वच्छता के प्रति व्यावहारिक समझ विकसित करने के लिए ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के तहत विद्यार्थियों को टनकपुर एवं कासगंज कोचिंग डिपो (समाडि) का भ्रमण कराया गया। विद्यार्थियों ने रेलवे की हाउसकीपिंग एवं स्वच्छता व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा। उन्हें बायो-टॉयलेट प्लांट, वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट एवं कोच वॉशिंग लाइनों का भ्रमण कराकर जल संरक्षण, जल पुनर्चक्रण, वर्षा जल संचयन तथा स्वच्छता के वैज्ञानिक पहलुओं से अवगत कराया गया।

यात्रियों में जागरूकता के लिए विभिन्न एनजीओ, धार्मिक संस्थाओं एवं स्कूली बच्चों के सहयोग से प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता विषयक नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया गया। कलाकारों ने यात्रियों को कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में डालने और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

इसके अलावा मंडल के प्रमुख स्टेशनों, कोचिंग डिपो, कार्यालयों, अस्पतालों, रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे सुरक्षा बल की इकाइयों में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुए। रेल कर्मचारियों एवं ‘सफाई मित्रों’ ने श्रमदान कर प्लेटफॉर्म एवं रेलवे परिसर की गहन सफाई की। यात्रियों, कर्मचारियों एवं विक्रेताओं को प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए जागरूक किया गया। स्टेशनों पर ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम पर पोस्टर, बैनर एवं फ्लेक्स लगाए गए हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस