करहल में भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन।
तहसील अध्यक्ष मलूका देवी के नेतृत्व में पहुंची टीम, विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की उठाई मांग।
करहल, मैनपुरी 18 सितंबर ।
भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) की तहसील इकाई ने विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शुक्रवार को करहल एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। तहसील अध्यक्ष मलूका देवी के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसील परिसर पहुंचे और मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में मुख्य रूप से नानमई नगरीय स्थित राजपूत देवी मंदिर की सड़क का निर्माण कराए जाने की मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क खराब होने से श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके अलावा शौचालय योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की लंबित पहली और दूसरी किस्त का भुगतान कराने, लंबे समय से रुकी हुई पेंशन की धनराशि लाभार्थियों के खातों में भिजवाने की मांग भी की गई।
संगठन ने मांग की कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित जानकारी ग्राम पंचायत सचिवों द्वारा गांव-गांव जाकर पात्र लोगों को दी जाए, ताकि जरूरतमंद लोग योजनाओं का लाभ ले सकें। इसके लिए प्रधान और सचिव अपनी-अपनी पंचायतों में बैठक कर योजनाओं की पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें।
ज्ञापन में ग्राम हरवाई में नाली निर्माण कराने सहित अन्य ग्रामीण समस्याओं के निस्तारण की भी मांग शामिल रही।
इस मौके पर तहसील अध्यक्ष मलूका देवी के साथ ममता देवी, मुन्नी देवी, तारा देवी, फूलन देवी, रामनरेश, कमलेश, गुड्डी देवी, सुशीला देवी, हाकिम सिंह, मीरा देवी, किरण देवी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मैनपुरी से अरूण कुमार की रिपोर्ट।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


