11:49 am Friday , 18 September 2026
BREAKING NEWS

मैनपुरी -रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।

मैनपुरी -रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख।

देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग से मची अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू।

मैनपुरी/बरनाहल 17 सितंबर।

थाना बरनाहल क्षेत्र के बॉर्डर के समीप ग्राम चंद्रपुरा में देर रात एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम चंद्रपुरा में स्थित भारतीय रेडीमेड कलेक्शन की दुकान में देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान के अंदर रखा रेडीमेड कपड़ों का सारा स्टॉक जल गया।

घटना की सूचना पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। आग काफी तेज होने के कारण फायर कर्मियों को आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को आसपास की दुकानों में फैलने से रोका। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था।

दुकानदार के अनुसार आग में कपड़ों के अलावा दुकान में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी जल गई। नुकसान का सही आकलन अभी नहीं हो पाया है, लेकिन पीड़ित दुकानदार ने लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।

हादसे के बाद दुकान मालिक और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार पल भर में आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

मैनपुरी से अरूण कुमार की रिपोर्ट।

विज्ञापन एक्सप्रेस