7:59 pm Thursday , 17 September 2026
BREAKING NEWS

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन में SJPU-AHT की मासिक समीक्षा बैठक, दिए जरूरी निर्देश

बदायूं

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन में SJPU-AHT की मासिक समीक्षा बैठक, दिए जरूरी निर्देश

केशव गुप्ता

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार कक्ष में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया की अध्यक्षता में SJPU एवं AHT की मासिक प्रशिक्षण, समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बच्चों से जुड़े मामलों की रोकथाम और कार्रवाई को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में बाल भिक्षावृत्ति, बालश्रम, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार की रोकथाम तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की बरामदगी पर विशेष चर्चा की गई। साथ ही बरामद बच्चों के मेडिकल परीक्षण, धारा 183 बीएनएस के तहत बयान, सीडब्ल्यूसी के समक्ष प्रस्तुतीकरण, पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों और विवेचना के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान पर विस्तार से मंथन हुआ।
एएसपी ग्रामीण ने निर्देश दिए कि गुमशुदा अथवा बरामद बच्चों के मामलों में निर्धारित प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। पीड़िता के बरामद होने पर पॉक्सो सपोर्ट पर्सन को सूचना देने तथा बच्चों से संबंधित मामलों में सीडब्ल्यूसी को समय से रिपोर्ट एवं सूचना उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, 181, 108, 102, 1076, 101, 112, 1930 एवं 14459 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। सभी थानों में इन हेल्पलाइन नंबरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए।
वहीं महिला एवं बाल कल्याण विभाग की ओर से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मिशन शक्ति के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन की शपथ भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई गई।
बैठक में वन स्टॉप सेंटर, बाल संरक्षण अधिकारी, श्रम विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन, चिकित्सा विभाग, विधिक सहायता, पॉक्सो सपोर्ट पर्सन, महिला सहायता प्रकोष्ठ, जीआरपी, आरपीएफ, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, एनजीओ तथा थाना एएचटी के कर्मचारियों सहित जनपद के बाल कल्याण पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बैठक में दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन करने की सहमति दी।

विज्ञापन एक्सप्रेस