थाना परिसर के पोल से घरों तक खींची केबल, बिजली चोरी का खुलासा
पति-पत्नी के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट, टीम ने केबल और मीटर किए जब्त
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। बिजली चोरी और बकाया वसूली के खिलाफ विद्युत विभाग की कार्रवाई में बुधवार को बड़ा मामला सामने आया। चेकिंग के दौरान थाना परिसर में लगे बिजली के पोल से केबल डालकर पीछे स्थित दो मकानों में बिजली का अनधिकृत इस्तेमाल पकड़ा गया। मामले में विभाग ने मंजू देवी और उनके पति प्रेम कुमार तोमर पुत्र बहोरन लाल के खिलाफ विद्युत चोरी संबंधी कार्रवाई शुरू की है।
विद्युत विभाग की टीम ने कस्बे में करीब 80 बिजली कनेक्शनों की जांच की। थाना परिसर के पीछे एक ही मालिक के दो मकानों में पोल से सीधे केबल के जरिए बिजली का इस्तेमाल होता मिला। जांच के बाद टीम ने दोनों मकानों में लगे केबल और बिजली मीटर उखाड़कर कब्जे में ले लिए।
विभाग के अनुसार, दोनों मकानों में काफी समय से अनधिकृत रूप से बिजली इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। बताया गया कि प्रेम कुमार तोमर ने एक मकान किराए पर दे रखा है और वहां भी चोरी की बिजली का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी मिली है। विभाग की ओर से मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
28 कनेक्शन काटे, 1.05 लाख की वसूली
एसडीओ अमित कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान बकाया बिजली बिल जमा न करने वाले 28 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए, जबकि 38 उपभोक्ताओं से मौके पर बकाया बिल जमा कराया गया। अभियान के दौरान विभाग ने कुल 1.05 लाख रुपये की राजस्व वसूली की।
चेकिंग अभियान में एसडीओ अमित कुमार, अवर अभियंता मोहम्मद मियां कुरैशी, पंकज कुमार (टीजी-2), जापान सिंह, मोहित राठौर समेत विद्युत विभाग के अन्य संविदाकर्मी मौजूद रहे।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


