गाली-गलौज का विरोध करने पर मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
कुंवरगांव। खेत में मिर्च की फसल की देखभाल कर रहे किसान का पड़ोसी खेत के युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद युवक ने किसान के साथ मारपीट कर दी। घटना में किसान के हाथ में गंभीर चोट आई, चिकित्सकीय जांच में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। उपचार के बाद बुधवार को किसान ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर के वार्ड संख्या चार निवासी अरुण कुमार पुत्र ओमवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह वह अपने खेत में लगी मिर्च की फसल की देखभाल कर रहे थे। इसी दौरान कस्बे का सचिन पुत्र केशव शंखधार वहां पहुंचा। आरोप है कि किसी बात को लेकर सचिन ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट कर दी। मारपीट में अरुण के हाथ में चोट लग गई।
परिजन घायल किसान को उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए, जहां जांच के बाद हाथ में फ्रैक्चर बताया गया। प्लास्टर चढ़ने के कारण अरुण उसी दिन थाने नहीं पहुंच सके। उपचार के बाद बुधवार को उन्होंने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि किसान की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


