बदायूं में साइबर अपराध के खिलाफ जागरूकता अभियान
प्रशिक्षणाधीन शिक्षकों को डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके
बदायूं, 15 सितंबर। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बदायूं के निर्देशन में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), बदायूं में प्रशिक्षणाधीन अध्यापक एवं अध्यापिकाओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन ने वर्तमान समय में बढ़ रहे Identity Theft, Investment/Trading Scam, डिजिटल अरेस्ट सहित विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी के बारे में जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले तरीकों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर बिना जांचे भरोसा न करने की अपील की।
प्रशिक्षणाधीन शिक्षकों को बताया गया कि साइबर ठगी से बचने के लिए अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी तथा अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी सरकारी अधिकारी के नाम पर फोन करके डराने या डिजिटल अरेस्ट की धमकी देने वाले साइबर अपराधियों से सावधान रहने की भी जानकारी दी गई।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के खाते से धोखाधड़ी के जरिए पैसा निकल जाता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
अभियान में थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार वर्धन, उपनिरीक्षक रजत यादव, मुख्य आरक्षी निपेन्द्र यादव, कांस्टेबल पंकज कुमार एवं महिला आरक्षी प्रियंका तोमर शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा है। लोगों को सतर्क रहकर डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


