सलारपुर व जगत ब्लॉक में वन स्टॉप सेंटर की कार्यशाला, महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा व अधिकारों की दी जानकारी
बदायूं, 15 सितंबर 2026। विकास खंड सलारपुर एवं जगत में वन स्टॉप सेंटर की ओर से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन विषय पर कार्यशाला एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को साइबर सुरक्षा, महिला अधिकारों, बाल संरक्षण तथा शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की जेएस प्रीती चौहान ने वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं के साथ महिलाओं एवं बच्चों के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए।
सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह, जिला बाल संरक्षण इकाई ने महिलाओं एवं बालिकाओं को पॉश एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही वार्ड बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की भूमिका तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों से इनका लाभ लेने की अपील की।
जिला मिशन समन्वयक छवि वैश्य ने ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी भी दी। इसके अलावा महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, दहेज उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, आर्थिक सहायता, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार तथा पुत्री के विवाह हेतु अनुदान जैसी योजनाओं के बारे में बताया।
कार्यशाला में बाल विवाह रोकथाम पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि बाल विवाह एक गंभीर सामाजिक कुरीति है और इसके मामलों में कानून के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
संरक्षण अधिकारी रवि कुमार ने मिशन वात्सल्य योजना की जानकारी देते हुए बताया कि देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों तथा विधि-विरुद्ध कार्यों में लिप्त बच्चों के संरक्षण, कल्याण एवं पुनर्वास के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर, मस्जिद, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, ढाबों, दुकानों और कारखानों आदि स्थानों पर बाल श्रम एवं भिक्षावृत्ति में लगे बच्चों के रेस्क्यू और पुनर्वास के लिए अभियान चलाया जा रहा है। किसी बच्चे को परेशानी होने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यशाला में महिलाओं एवं बच्चों ने उत्सुकता के साथ योजनाओं और कानूनों की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं की अधिक जानकारी कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सहायक पंचायत अधिकारी, बाल परियोजना अधिकारी सुशील कुमार, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता भमरपाल सिंह एवं जेएसएचईडब्ल्यू प्रीती चौहान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


