7:45 pm Tuesday , 15 September 2026
BREAKING NEWS

लक्कड़ दास बाबा मंदिर और शिव मंदिर से निकली गणपति की भव्य प्रभात रैली, जयकारों से गूंजा उसावां

बदायूं

लक्कड़ दास बाबा मंदिर और शिव मंदिर से निकली गणपति की भव्य प्रभात रैली, जयकारों से गूंजा उसावां

केशव गुप्ता

गाजे-बाजे के साथ निकलीं शोभायात्राएं, गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ शुरू हुआ पूजा-अर्चना का दौर

उसावां। नगर पंचायत उसावां में गणेश उत्सव को लेकर रविवार को श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। नगर के लक्कड़ दास बाबा मंदिर और शिव मंदिर से गणेश प्रतिमा की भव्य प्रभात रैलियां निकाली गईं। गाजे-बाजे के साथ निकलीं दोनों रैलियों में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने गणपति बप्पा के जयकारे लगाए, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
सुबह से ही दोनों मंदिरों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। विधि-विधान के साथ गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। इसके बाद पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू हुआ। आयोजकों के अनुसार गणेश उत्सव के दौरान प्रतिमा विसर्जन तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम श्रद्धा और धूमधाम के साथ आयोजित किए जाएंगे।
प्रभात रैली में शामिल श्रद्धालुओं के चेहरों पर भक्ति और उत्साह साफ नजर आया। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयकारों के बीच निकली रैली ने पूरे वातावरण को गणेशमय कर दिया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य संयोजक पूर्व अध्यक्ष धीरेंद्र पाल गुप्ता रहे। इसके अलावा वर्तमान सभासद पवन कुमार गुप्ता, गोपाल गुप्ता, साजन गुप्ता, सचिन गुप्ता, मुकेश गुप्ता, सुबोध गुप्ता और शिव कुमार वर्मा समेत नगर के तमाम नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
गणेश उत्सव को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह है। दोनों मंदिरों में होने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हुए हैं। आयोजकों ने बताया कि पूरे उत्सव के दौरान श्रद्धा, भक्ति और आपसी भाईचारे के साथ कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे।

विज्ञापन एक्सप्रेस