7:51 pm Sunday , 13 September 2026
BREAKING NEWS

मोबाइल लौटाने के नाम पर धमकी देकर वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

बदायूं

मोबाइल लौटाने के नाम पर धमकी देकर वसूली करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

केशव गुप्ता

चार मोबाइल, तीन लैपटॉप समेत आधार, पैन, एटीएम व बैंक पासबुक बरामद

जरीफनगर। खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन तलाशने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर डराने-धमकाने और रुपये वसूलने के मामले में जरीफनगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और लैपटॉप समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज व अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रामपुर टप्पा वैश्य निवासी हरीश बाबू उर्फ हीरा सिंह ने 12 सितंबर को थाना जरीफनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि उसका खोया हुआ मोबाइल वापस दिलाने के नाम पर आरोपियों ने षड्यंत्र के तहत उसे अपने जाल में फंसाया और मुकदमे व जान का भय दिखाकर धोखाधड़ी से उससे चार हजार रुपये वसूल लिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्रेमपाल उर्फ बंटी, रंजीत और कंप्यूटर ऑपरेटर जावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। मामले के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सहसवान के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम को लगाया गया।
रविवार 13 सितंबर को थाना जरीफनगर पुलिस ने नामजद व वांछित आरोपी प्रेमपाल उर्फ बंटी पुत्र हरिओम निवासी ग्राम पड़रिया तथा रंजीत पुत्र नरेशपाल सिंह निवासी ग्राम मालपुर ततैरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, 30 मोबाइल फोन के खाली डिब्बे, एक सीएसपी आईडी कार्ड, 18 एसबीआई पासबुक, 11 आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, एक वोटर आईडी, चार एटीएम कार्ड और तीन क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक जरीफनगर बाबूराम गौतम मय पुलिस टीम शामिल रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस