8:51 pm Saturday , 12 September 2026
BREAKING NEWS

बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं में भरा जोश, विधायक बब्बू भैया ने साझा की आगामी अभियानों की कार्ययोजना

बदायूं

‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र के साथ कार्यकर्ताओं में भरा जोश, विधायक बब्बू भैया ने साझा की आगामी अभियानों की कार्ययोजना

केशव गुप्ता

उसावां। दातागंज विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत उसावां स्थित धूम ऋषि इंटर कॉलेज परिसर में मंडल उसावां के कार्यकर्ताओं के साथ दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने संगठनात्मक बैठक में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने मंडल के पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रभारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों के साथ संवाद करते हुए आगामी अभियानों को लेकर विस्तार से कार्ययोजना साझा की।
विधायक बब्बू भैया ने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ता हैं। ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मूलमंत्र को केंद्र में रखते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहें तथा जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनें और सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी अभियानों को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियां और आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।
विधायक ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की मजबूती का आधार है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से निरंतर संपर्क ही संगठन को मजबूत बनाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इसी एकजुटता के साथ आगामी अभियानों को सफल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र प्रभारी, संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस