बदायूं
79 लाख की नकदी और करीब 21 लाख के सोने के जेवरात बरामद, सिविल लाइंस पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा
केशव गुप्ता
कार का शीशा तोड़कर चोरी की वारदात को दिया था अंजाम, मेरठ के रहने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार
बदायूं। थाना सिविल लाइंस पुलिस ने बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 79 लाख रुपये की नकदी और करीब 21 लाख रुपये कीमत के पीली धातु के जेवरात बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हुण्डई वर्ना कार, मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल प्लास भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की बड़ी वारदात का सफल अनावरण हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं सुश्री अंकिता शर्मा के आदेश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइंस हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आरिफ अंसारी पुत्र असगर अंसारी, निवासी गली नंबर-6 इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ीगेट, मेरठ तथा वसीम अंसारी पुत्र निजामुद्दीन, निवासी पूर्वा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली, मेरठ के रूप में हुई है।
ड्राइवर ने ही रची थी चोरी की साजिश
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी आरिफ ने बताया कि वह सर्राफ शेख दिलावर हुसैन के यहां चालक का काम करता है। दोनों आरोपियों पर कर्ज होने के कारण उन्होंने चोरी की योजना बनाई। 10 सितंबर 2026 को आरिफ अपने मालिक की गाड़ी लेकर कर्मचारी सरफराज के साथ बदायूं माल देने और लेने आया था।
पुलिस के मुताबिक बदायूं से वापस मेरठ जाते समय दास कॉलेज के पास बिरयानी खाने का बहाना बनाकर गाड़ी खड़ी की गई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वसीम अपनी वर्ना कार से वहां पहुंचा और गाड़ी में रखे रुपये व सोने के आभूषण निकाल लिए। किसी को उन पर शक न हो, इसके लिए आरोपियों ने गाड़ी का पिछला शीशा भी तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार चोरी का माल लेकर वसीम बदायूं में छिप गया था। बाद में दोनों आरोपी चोरी किए गए रुपये और जेवरात लेकर मेरठ जाने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
इतना माल हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी आरिफ अंसारी के कब्जे से कंगन, कंठी माला और पीली धातु के छोटे-बड़े 12 टुकड़े बरामद किए, जिनका कुल वजन 101.68 ग्राम बताया गया है।
वहीं आरोपी वसीम अंसारी के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियां, कुल 50 लाख रुपये, बरामद किए गए। इसके अलावा वर्ना कार से 500-500 रुपये के नोटों की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये के नोटों की पांच गड्डियां, कुल 29 लाख रुपये, बरामद हुए। इस तरह कुल 79 लाख रुपये की नकदी पुलिस ने बरामद की।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हुण्डई वर्ना कार, मोबाइल फोन और एक प्लास भी बरामद किया है।
मुकदमे में बढ़ाई गई धाराएं
बरामदगी के आधार पर थाना सिविल लाइंस में दर्ज मु0अ0सं0 323/26 में धारा 317(2) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस द्वारा रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम को मिला 25 हजार का पुरस्कार
बड़ी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए भारी मात्रा में नकदी और जेवरात बरामद करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह, निरीक्षक अपराध सुपेन्द्र मलिक, उपनिरीक्षक अनन्त आमौरिया, कांस्टेबल दीपक कुमार, अविनाश कुमार, देवेन्द्र कुमार तथा महिला कांस्टेबल रूचि शामिल रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


