बदायूं
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से बोले एएसपी सिटी—पहले सत्यापन, फिर प्रसारण
साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात और सामाजिक सद्भाव को लेकर जिम्मेदार कंटेंट प्रसारित करने की अपील
केशव गुप्ता
बदायूं। सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसकी सामाजिक जिम्मेदारी को लेकर शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने जनपद के लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक की। बैठक में साइबर अपराध, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियम, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक सद्भाव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एएसपी सिटी ने कहा कि डिजिटल दौर में सोशल मीडिया केवल मनोरंजन और सूचनाओं के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि जनजागरूकता और सामाजिक सहयोग का प्रभावी प्लेटफॉर्म भी है। बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंच रखने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की जिम्मेदारी है कि वे अपने प्लेटफॉर्म का उपयोग सकारात्मक एवं जनहितकारी संदेशों के प्रसार के लिए करें।
उन्होंने साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को सतर्क एवं जागरूक करने में इन्फ्लुएंसर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पहले सत्यापन, फिर प्रसारण
बैठक में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली खबरों और वीडियो के फैक्ट चेक पर विशेष जोर दिया गया। एएसपी सिटी ने अपील की कि किसी भी घटना, फोटो, वीडियो या दावे को पोस्ट करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि अवश्य की जाए। अपुष्ट और भ्रामक सूचनाओं को प्रसारित करने से कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है।
उन्होंने संवेदनशील घटनाओं में पीड़ित की पहचान एवं निजी जानकारी सार्वजनिक न करने तथा आपत्तिजनक, अश्लील, हिंसक अथवा वैमनस्य फैलाने वाली सामग्री से बचने की भी अपील की।





पुलिस और जनता के बीच संवाद मजबूत करने पर जोर
एएसपी सिटी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आमजन की सहभागिता भी जरूरी है। सोशल मीडिया पुलिस और जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से मिशन शक्ति, महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात जागरूकता, साइबर सुरक्षा और अन्य जनहितकारी अभियानों को अपने प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में यह संदेश भी दिया गया कि जिम्मेदार कंटेंट क्रिएटर केवल सूचना प्रसारित करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला डिजिटल प्रहरी है। पुलिस की ओर से इन्फ्लुएंसर्स से सकारात्मक सोच, शांति, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले कंटेंट को प्राथमिकता देने की अपील की गई।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


