विवाहिता को बुलाने पहुंचे ससुराली पक्ष से विवाद, चार का शांतिभंग में चालान
अवैध रायफल और दो कारतूस के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव गंज में बुधवार को विवाहिता को ससुराल ले जाने को लेकर लड़की पक्ष और ससुराली पक्ष के लोगों के बीच विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची डायल 112 और थाना कुंवरगांव पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। वहीं, इसी मामले से जुड़े बताए जा रहे कृष्णपाल को अवैध रायफल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि गांव गंज निवासी कुंवरपाल की बेटी की करीब दो माह पहले थाना भमौरा क्षेत्र के मकरंदपुर निवासी ओम शिवाय पुत्र जागनलाल के साथ शादी हुई थी। चर्चा है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा विवाहिता के साथ मारपीट की जाती थी। इसके चलते 15 अगस्त को कुंवरपाल अपनी बेटी को ससुराल से वापस अपने घर ले आया था।
बुधवार को ससुराली पक्ष के लोग विवाहिता को वापस बुलाने के लिए गांव गंज पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। सूचना पर डायल 112 के साथ थाना कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और लड़का पक्ष से जुड़े लोगों को थाने ले आई।
पुलिस ने दलपत राम निवासी अमृतपुर थाना दातागंज, ओम शिवाय, भूरेलाल और जागन लाल निवासीगण मकरंदपुर/प्रेमराजपुर थाना भमौरा तथा नरेंद्र पाल निवासी करगैना थाना सुभाषनगर जिला बरेली के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
अवैध रायफल और दो कारतूस बरामद
इसी मामले के दौरान पुलिस ने कृष्णपाल निवासी भूरीपुर कुसैना थाना बिनावर को अवैध शस्त्र के साथ गिरफ्तार किया। कृष्णपाल को विवाहिता के पति ओम शिवाय का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसकी गिरफ्तारी 9 सितंबर की रात करीब 11:05 बजे बदायूं-कसेर चौराहे से गंज रोड की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के मोड़ पर की गई।
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान कृष्णपाल के कब्जे से 315 बोर की रायफल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। उसके खिलाफ थाना कुंवरगांव में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
चर्चा है कि कृष्णपाल विवाहिता के ससुराली पक्ष का रिश्तेदार है और वह भी अन्य लोगों के साथ गंज गांव पहुंचा था। यह भी चर्चा है कि उसके मोबाइल फोन में अवैध रायफल का फोटो मिला था। इसके आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर भूरीपुर कुसैना से रायफल बरामद की।
अवैध रायफल बरामदगी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल वीरेश कुमार, कांस्टेबल राजेश कुमार, आकाश चौधरी, विशाल कुमार और महिला कांस्टेबल सलोनी शामिल रहीं।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


