7:37 pm Thursday , 10 September 2026
BREAKING NEWS

लड्डू गोपाल की छठी पर गूंजे सोहवर गीत, कढ़ी-भात का लगाया भोग

बदायूं

लड्डू गोपाल की छठी पर गूंजे सोहवर गीत, कढ़ी-भात का लगाया भोग

केशव गुप्ता

उसावां-बदायूं। नगर के मैन बाजार स्थित बाबा लक्कड़ दास खाटू श्याम शिव मंदिर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के छठवें दिन गुरुवार को लड्डू गोपाल की छठी का पर्व धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। इस दौरान मंदिर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और बड़ी संख्या में भक्तों ने पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर के प्रमुख प्रधान सेवादार रामगोपाल गुप्ता ने लड्डू गोपाल का विधि-विधान से श्रृंगार किया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी को पूड़ी, पुए, कढ़ी-भात सहित विभिन्न व्यंजनों का भोग लगाया गया। महिलाओं और बच्चों ने नृत्य करते हुए सोहवर गीत गाकर भगवान को रिझाया। महिलाओं ने मंगलगीत गाए, जबकि पुरुषों ने भगवान की आरती उतारी।
पूजन-अर्चना के बाद कढ़ी-भात के प्रसाद का वितरण किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। देर रात तक मंदिर परिसर में छठी का धार्मिक आयोजन चलता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
प्रमुख सेवादार रामगोपाल गुप्ता ने बताया कि भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया था। जन्म के छठवें दिन गोकुल में नंद बाबा के घर भगवान की छठी का आयोजन किया गया था। इसी परंपरा के तहत प्रत्येक वर्ष उसावां धाम के लक्कड़ दास खाटू श्याम शिव मंदिर पर भगवान श्रीकृष्ण की छठी का आयोजन किया जाता है।
कृष्ण छठी का धार्मिक महत्व
सनातन धर्म में बच्चे के जन्म के छठवें दिन छठी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी परंपरा के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण की भी छठी मनाई जाती है। इस अवसर पर भगवान को कढ़ी-चावल का भोग लगाने की परंपरा है। मान्यता है कि श्रद्धापूर्वक कृष्ण छठी का पूजन करने से भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त होती है और भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास क्षेत्र के तमाम श्रद्धालु मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस