बच्चों के संपूर्ण विकास में सहायक होता है मां का दूध
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बुधवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 48 से अधिक गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित मातृत्व, पोषण और नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. चारु गुप्ता ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन मां और गर्भ में पल रहे शिशु, दोनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को मानसिक तनाव से दूर रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है। मां का दूध ही बच्चों के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास में सबसे अधिक सहायक होता है और इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है। इस मौके पर सीएचसी प्रभारी डा.अनिल कुमार गुप्ता, डा.प्रगति शर्मा, शशिवाला, सुमन शर्मा, पंकज कुमार, हरिओम सक्सेना सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


