बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बांस बरौलिया स्थित शिव शिक्षा मंदिर की ओर से हर वर्ष की भांति इस बार भी शनिवार की शाम रामनवमी का पर्व धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर एवं मनमोहक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। झांकियों को देखने के लिए गांव में जगह-जगह ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। शोभायात्रा में काली अखाड़ा, हनुमान, वानर सेना, राधा-कृष्ण समेत कई आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। झांकियों ने श्रद्धालुओं और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। शोभायात्रा शिव शिक्षा मंदिर से शुरू होकर गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाए। धार्मिक माहौल से पूरा गांव भक्तिमय हो गया। आयोजकों ने बताया कि रामनवमी के अवसर पर हर वर्ष मंदिर की ओर से शोभायात्रा निकाली जाती है। इस बार भी कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। शोभायात्रा गांव का भ्रमण करने के बाद पुनः शिव शिक्षा मंदिर पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इस मौके पर विनोद कुमार सक्सेना, गौरव सक्सेना, शिव गौड़, अर्जुन शाक्य, डीजे वाले पन्नालाल, चंद्र प्रकाश, मनोज मास्टर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


