6:31 pm Sunday , 6 September 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव के जन्माष्टमी मेले में कथित जुए का खेल – लाखों रुपये लगने की चर्चा

बदायूं–आंवला मार्ग स्थित कुंवरगांव के जन्माष्टमी मेले में कथित जुए का खेल, लाखों रुपये लगने की चर्चा

वीडियो हो रहे सोशल मीडिया पर वायरल, पुलिस बनी रही मूकदर्शक

संवाददाता

बदायूं–आंवला मार्ग पर स्थित कुंवरगांव कस्बे में 3 सितंबर से 6 सितंबर तक आयोजित जन्माष्टमी मेले में मनोरंजन के नाम पर चल रहे कथित चक्कर खेल और कड़ा फेंक के स्टालों पर लाखों रुपये का जुआ खेले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मेले में आधा दर्जन से अधिक स्टाल लगाकर लोगों को इन खेलों के जरिए पैसे लगाने के लिए आकर्षित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में बच्चों से लेकर बड़े तक इन खेलों में रुपये लगाते नजर आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टाल संचालकों ने लोगों को आकर्षित करने और खेल में जीत का लालच देने के लिए अपने ही कुछ लोगों को खिलाड़ी बनाकर बैठा रखा था। आरोप है कि शुरुआत में उन्हीं लोगों की जीत दिखाई जाती थी, जिससे आसपास खड़े लोगों को भी रुपये लगाकर जीतने का लालच होता था। इसके बाद आम लोगों के पैसे लगाने पर उन्हें नुकसान उठाना पड़ता था।

क्षेत्रीय लोगों का दावा है कि मेले में लगाए गए करीब आधा दर्जन स्टाल संचालक क्षेत्र के लोगों से लाखों रुपये जीतकर ले गए। लोगों के मुताबिक, अलग-अलग स्टालों पर आठ से दस लाख रुपये तक की रकम लोगों के हारने की चर्चा है। हालांकि इन रकमों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

प्रत्यक्षदर्शियों का यह भी कहना है कि शनिवार रात मेले में क्षेत्र का एक युवक कथित तौर पर एक लाख रुपये से अधिक की रकम हार गया। इसके बाद उसकी स्टाल संचालक से कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद बढ़ने की आशंका के चलते संबंधित दुकानदार रात में ही अपना सामान समेटकर वहां से भाग गए। इस घटना को लेकर मेले में काफी देर तक चर्चा बनी रही।

भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी पर उठे सवाल

मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया था। लोगों का आरोप है कि पुलिसकर्मी पूरे मेले में घूमते रहे, लेकिन कथित जुए के इन खेलों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी के बावजूद खुलेआम रुपये लगाकर खेल खिलाए जाते रहे और लोग लगातार पैसे गंवाते रहे।

लोगों का यह भी कहना है कि बच्चों और युवाओं को भी इन खेलों की ओर आकर्षित किया गया, जिससे मेले का माहौल मनोरंजन के बजाय जुए का अड्डा बनता नजर आया। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

अनुमति पर भी सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रशासन की ओर से मेले में इस तरह के जुआ आधारित खेलों की अनुमति नहीं दी जाती है। इसके बावजूद मेले में नियमों को ताक पर रखकर कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से रुपये लगवाकर खेल कराए गए।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मामले से संबंधित दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है। वीडियो में मेले में लोगों की भीड़ के बीच रुपये लगाकर खेल खेले जाने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

फिलहाल जन्माष्टमी मेले में कथित तौर पर लाखों रुपये के जुए के इस खेल को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराकर नियमों के विरुद्ध लगाए गए स्टालों और उनके संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस