8:10 pm Saturday , 5 September 2026
BREAKING NEWS

उझानी -3 किलोमीटर की बदहाल सड़क से जूझ रहा भवानीपुर, ग्रामीणों ने लगाई मदद की गुहार।

बदायूं

उझानी -3 किलोमीटर की बदहाल सड़क से जूझ रहा भवानीपुर, ग्रामीणों ने लगाई मदद की गुहार।

उझानी बदांयू 5 सितंबर।

थाना उझानी क्षेत्र के ग्राम भवानीपुर, पोस्ट कछला के ग्रामीण आजादी के 80 साल बाद भी बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार गांव को जोड़ने वाला करीब तीन किलोमीटर का रास्ता पूरी तरह से टूट चुका है, जिससे आवागमन बेहद मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। बरसात के दिनों में तो हालात और बिगड़ जाते हैं। वहीं गांव में किसी की तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस तक गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिससे मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे कई जनप्रतिनिधियों के पास जा चुके हैं। सांसद आदित्य यादव, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य और जिला पंचायत सदस्य मोर सिंह लोधी के सामने भी यह मुद्दा रखा गया। इसके अलावा पिछले 5 साल से ग्राम प्रधान अनार सिंह यादव से भी लगातार सड़क बनवाने की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकला है।

समस्या से परेशान होकर ग्रामीणों ने अब अपनी आवाज एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद तक पहुंचाने की मांग की है। इसी क्रम में ग्रामीणों ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिला उपाध्यक्ष गुलशन कुमार को गांव बुलाया।

गुलशन कुमार अपनी टीम के साथ ग्राम भवानीपुर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ जितेंद्र कुमार, आकाश सागर, अनूप सिंह, शैलेन्द्र सागर, अमरजीत सागर, शिवम सागर और अंकुश सागर मौजूद रहे। ग्रामीणों ने अपनी पूरी समस्या उनके सामने रखी और कहा कि पूरा गांव भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के साथ खड़ा है।

ग्रामीणों की बात सुनने के बाद गुलशन कुमार ने भरोसा दिलाया कि वह उनकी समस्या को एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा, “मैं आपका छोटा सा कार्यकर्ता गुलशन कुमार, जिला उपाध्यक्ष बदायूं, आपसे निवेदन करता हूं कि इस मामले को संज्ञान में लेकर ग्राम भवानीपुर के लोगों की मदद की जाए।”

अब देखना होगा कि वर्षों से बदहाल पड़ी इस तीन किलोमीटर की सड़क पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की नजर कब पड़ती है।

विज्ञापन एक्सप्रेस