8:09 pm Saturday , 5 September 2026
BREAKING NEWS

शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में हुआ संयुक्त कार्यक्रम

■ शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान, शिक्षकों को भेंट किए उपहार।

■ शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में हुआ संयुक्त कार्यक्रम।

बदायूँ। शिव देवी सरस्वती शिशु मन्दिर एवं विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइन्स, बदायूँ में संयुक्त रूप से शिक्षक दिवस समारोह एवं सम्मान कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भैया-बहिनों ने गुरुजनों के सम्मान में गीत, कविताएं एवं भाषण प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य-आचार्याओं को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भैया-बहिनों ने आचार्यों को मिष्ठान्न खिलाकर एवं कलम भेंट कर शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के वन्दना के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुशील कुमार ने मंचासीन अतिथियों का परिचय कराया। छात्र-छात्राओं ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार रखते हुए गुरु की महिमा का वर्णन किया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य राकेश कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे महान शिक्षक, दार्शनिक, विचारक, राजनीतिज्ञ एवं लेखक थे। विद्या मन्दिर के वरिष्ठ आचार्य लक्ष्मीकांत पाठक ने गुरु की महिमा बताते हुए कहा कि गुरु सदैव अपने शिष्य के हित और उन्नति के लिए कार्य करता है।
विद्यालय के व्यवस्थापक श्री वीरेंद्र पाल झा ने कहा कि समाज में शिक्षक का सम्मान सर्वोपरि है। शिक्षक सदैव पूजनीय है, क्योंकि उसका जीवन दूसरों के भविष्य को संवारने में समर्पित रहता है। प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. भास्कर शर्मा ने कहा कि शिक्षक उस दीपक के समान है, जो स्वयं जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाशित करता है।
समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में अपने-अपने विषय में विद्यार्थियों को 95 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त कराने वाले हिन्दी के मुकेश बाबू, अंग्रेजी के अखिलेश मिश्रा, गणित के उपेंद्र जी एवं महेश जी, विज्ञान के कृष्ण हरि जी एवं विजय विक्रम जी तथा चित्रकला की श्रीमती सुभाषिनी जी को सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों को 90 प्रतिशत एवं उससे अधिक अंक प्राप्त कराने वाले हिन्दी के लक्ष्मीकांत पाठक, गणित के सोवरन सिंह एवं भौतिक विज्ञान के संजय शर्मा को पुरस्कृत किया गया। इसके अतिरिक्त श्रेष्ठ कार्यालय प्रमुख श्री दिनेश चंद्र शर्मा तथा श्रेष्ठ कर्मचारी भैया शोभित एवं भैया कालीचरन को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री वेदरत्न शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी शिक्षक बेहतर परीक्षा परिणाम का लक्ष्य लेकर निरंतर कार्य करते रहें। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट परिणाम ही शिक्षकों के सम्मान और विद्यालय की प्रतिष्ठा को और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।


कार्यक्रम में विद्यालय मीडिया प्रभारी लालाराम वर्मा, आचार्य विनय चौहान, राजेश कुमार सिंह, अखिलेश मिश्रा, नरेश पाल सिंह, देवेंद्र कुमार, रूपेंद्र सिंह, कु. आयुषी, कंचन गुप्ता, रेखा सक्सेना सहित समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस