बदायूं
जन्माष्टमी पर सजा उसावां का बाजार, कान्हा की पोशाकों और पूजन सामग्री से गुलजार हुईं दुकानें
केशव गुप्ता
उसावां। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को नगर पंचायत उसावां का बाजार पूरी तरह कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जन्माष्टमी को लेकर बाजार में विशेष सजावट की गई है। दुकानों पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक प्रतिमाएं, कान्हा की पोशाकें, मुकुट, बांसुरी, मोरपंख, झूले और पूजा-सजावट का सामान सजा हुआ है।
जन्माष्टमी पर्व पर बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ रही है। बच्चों में कान्हा और राधा की पोशाक खरीदने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। महिलाएं और परिवार अपने घरों में श्रीकृष्ण की झांकी सजाने के लिए सजावटी सामान, फूल-मालाएं, झालरें और अन्य पूजन सामग्री खरीदते नजर आए।
बाजार में सजी रंग-बिरंगी कान्हा की पोशाकें और भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की प्रतिमाएं लोगों का विशेष आकर्षण बनी हुई हैं। दुकानों पर ग्राहकों की चहल-पहल से बाजार में रौनक बढ़ गई है।
वहीं जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों और घरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां सजाई जा रही हैं। श्रद्धालु दिनभर पर्व की तैयारियों में जुटे रहे। शाम होते ही मंदिरों में भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया।
जन्माष्टमी के पर्व पर पूरा उसावां नगर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से भक्तिमय नजर आया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर उत्साह देखने को मिला।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


