बदायूं
उझानी- पालिका कर्मचारियों की लापरवाही से जलभराव में बैठने को मजबूर दुकानदार।
उझानी, बदायूं 4 सितंबर।
नगर पालिका परिषद उझानी की लापरवाही के चलते नगर पालिका के घंटाघर मार्केट के व्यापारी हल्की बारिश के बाद भी मार्केट में होने वाले जलभराव में बैठने को मजबूर हैं।
मार्केट के व्यापारी मनोज गोयल ने बताया कि इस बारे में कई बार पालिका अध्यक्ष महोदया और अधिशासी अधिकारी को लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन पालिका के अधिकारियों / कर्मचारियों पर इसका कोई असर नहीं पड़ता।
गत 26 सितंबर को पालिका अध्यक्ष के आदेश पर अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी ने प्रभारी सफाई निरीक्षक के साथ मार्केट में होने वाले जलभराव का निरीक्षण किया था। तब प्रभारी सफाई निरीक्षक राजकुमार गुप्ता ने अधिशासी अधिकारी को आश्वस्त किया था कि एक-दो दिन में घंटाघर चौराहे से गिहार बस्ती सब्जी मंडी तक नाले की सफाई करा दी जाएगी, लेकिन उनका यह आश्वासन खोखला साबित हुआ।
व्यापारी धीरेंद्र यादव ने बताया कि बारिश के बाद मार्केट में हुए जलभराव का पानी उनके प्रतिष्ठानों के अंदर घुस जाता है और इस जलभराव से मार्केट में महामारी फैलने का डर बना रहता है।
इस बारे में अधिशासी अधिकारी मणि जी सैनी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि मार्केट में सड़क व नाली निर्माण की मंजूरी मिल गई है। जेई साहब अवकाश पर गए हुए थे, कल जेई साहब को भेजकर सड़क व नाली निर्माण के लिए नाप-जोख कराते हैं।

bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


