बदायूं
सांप के डसने से 45 वर्षीय महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम
केशव गुप्ता
पहले देसी उपचार में बीता समय, हालत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजनों ने
बदायूं। उसहैत थाना क्षेत्र के पथराई गांव में शुक्रवार को सांप के डसने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। महिला की मौत से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक गांव निवासी अनीता पत्नी शेर सिंह शुक्रवार को खेत पर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक, तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले उनका देसी उपचार कराया गया। जब हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति गंभीर होने लगी तो परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने तक महिला की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद अनीता को मृत घोषित कर दिया।
11 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
अनीता के 11 बच्चे, जिनमें छह बेटे और पांच बेटियां हैं। बेटों के नाम ब्रजेश, मुकेश, दुर्वेश, जितेंद्र और कुलदीप बताए गए हैं, जबकि बेटियों के नाम कन्यावती, जसौदा, देवकी, चांदनी और सोमवती बताए गए हैं। इनमें कन्यावती और ब्रजेश की शादी हो चुकी है।
मां की अचानक मौत से बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने पर कटरा सहादतगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार राघव मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों के इनकार के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की गई।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


