बदायूं
बदायूं में तमंचे के बल पर बाइक लूटी, पुलिस की घेराबंदी में छोड़कर भागे बदमाश।
बिसौली, बदायूं 4 सितंबर ।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात बाइक लूट की वारदात हो गई। आसफपुर रोड पर दो युवकों से तमंचे के दम पर बाइक लूट ली गई। हालांकि पुलिस की सक्रियता से बदमाशों को मन्नू नगर चौराहे पर लूटी गई बाइक छोड़कर भागना पड़ा। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है।
घटना गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। गांव परवेजनगर निवासी मोहित और पठान टोला निवासी यासीम आसफपुर रोड पर बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। तभी दो बाइक सवार युवक वहां पहुंचे और तमंचा दिखाकर उनकी बाइक छीन ली। अचानक हुई वारदात से दोनों युवक घबरा गए। बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए।
सूचना पर पुलिस ने आसपास के रास्तों पर घेराबंदी शुरू कर दी। पीछा बढ़ता देख बदमाश मन्नू नगर चौराहे के पास बाइक छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित युवकों से पूछताछ कर बदमाशों के भागने वाले रास्तों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


