3:31 pm Friday , 4 September 2026
BREAKING NEWS

कछला गंगा घाट बना बाइक चोरों का अड्डा, कांवड़ मेले में उड़ी दर्जनों बाइकें, पुलिस की गश्त पर सवाल।

बदायूं

कछला गंगा घाट बना बाइक चोरों का अड्डा, कांवड़ मेले में उड़ी दर्जनों बाइकें, पुलिस की गश्त पर सवाल।

उझानी बदांयू 4 सितंबर।

कछला सावन के पवित्र महीने में जहां लाखों कांवड़िए कछला गंगा घाट पर हर-हर महादेव के जयकारे लगा रहे थे, वहीं बाइक चोरों की गैंग ने पार्किंग को अपना निशाना बना लिया। आस्था की डुबकी लगाने गए श्रद्धालुओं की बाइकें देखते ही देखते गायब हो गईं, और पुलिस हाथ मलती रह गई।

मामला 23 अगस्त का है। सिविल लाइन बदायूँ के रहने वाले सौरभ साहू अपनी बाइक से कछला गंगाजल लेने आए थे। बाइक घाट की पार्किंग में खड़ी कर गंगा स्नान को चले गए। शाम 7 बजे लौटे तो होश उड़ गए – बाइक नदारद। इधर-उधर ढूंढा, आवाज लगाई, लेकिन बाइक का कहीं पता नहीं चला। थक-हार कर पीड़ित ने 25 अगस्त को कोतवाली उझानी में FIR दर्ज कराई।

FIR में इंजन नंबर और चेसिस नंबर तक दर्ज है, जांच निरीक्षक को सौंपी गई है, मगर 10 दिन बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं।

स्थानीय दुकानदारों की मानें तो यह कोई पहला मामला नहीं है। कांवड़ मेले के दौरान कछला घाट से हर साल 20 से 30 बाइकें चोरी होती हैं। न पार्किंग में सीसीटीवी, न टोकन सिस्टम, न पुलिस की पहरेदारी। चोर बेखौफ आते हैं और बाइक लेकर फुर्र हो जाते हैं।

श्रद्धालुओं में आक्रोश है। लोगों का कहना है – “हम गंगा नहाने आते हैं पाप धोने, यहां तो बाइक ही धुल जाती है। पुलिस रिपोर्ट लिखकर खानापूर्ति कर देती है, बरामदगी जीरो।

अब सवाल यह है कि क्या पुलिस इस गैंग तक पहुंच पाएगी या फिर यह FIR भी फाइलों में धूल खाएगी?

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस