बदायूं
समोसा लेने गई किशोरी लापता, रिश्तेदार पर बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप।
उझानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की तलाश।
उझानी, बदायूं 4 सितंबर ।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के कछला वार्ड से एक नाबालिग किशोरी के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने रिश्ते में मौसा लगने वाले एक युवक पर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड निवासी बुजुर्ग ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 2 सितंबर की शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी 14 वर्षीय नातिन घर से समोसा लेने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिवार वालों ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
परिजनों के मुताबिक 3 सितंबर को उन्हें जानकारी मिली कि किशोरी को बहेड़ी, बरेली निवासी अमन पुत्र तौसीफ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। आरोप है कि युवक रिश्ते में किशोरी का मौसा लगता है। काफी तलाश के बाद भी जब किशोरी का सुराग नहीं लगा तो परिजन कोतवाली पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अविनाश पुंडीर को सौंपी गई है। पुलिस टीम किशोरी की बरामदगी और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


