बदायूं
बदायूं में गंगा का कहर: कदम नगला गांव नदी में समाया, अब रैपूरा पर खतरा।
उसावां बदायूं 4 सितंबर।
उसावां ब्लॉक में गंगा नदी के कटान से कदम नगला गांव पूरी तरह खत्म हो गया है। गांव के घर, स्कूल और पंचायत घर गंगा में समा गए। ग्रामीणों की खेती की जमीन भी नदी में बह गई।
कदम नगला में कटान की स्थिति लगातार बिगड़ती गई। ग्रामीणों के घर एक-एक करके गंगा में समाते चले गए। गांव का स्कूल और पंचायत घर भी कटान की भेंट चढ़ गए। अब गांव में पहले जैसी बस्ती नहीं दिखती।
ग्रामीणों के अनुसार, रैपूरा के आसपास भी कटान तेजी से बढ़ रहा है। कई जगहों पर हर दिन 10 से 15 मीटर तक जमीन कटने की बात कही जा रही है।
हालात को देखते हुए बाढ़ खंड विभाग जागा है। विभाग की टीम ने रैपूरा गांव को कटान से बचाने के लिए बचाव कार्य शुरू किया है। पानी की दिशा बदलने के लिए तीन रोकथाम पॉइंट बनाए गए हैं।
मौके पर बाढ़ खंड के जेई मोहित, अमित कुमार और सतीश चंद्र समेत कई कर्मचारी मौजूद थे। टीम ने तीनों रोकथाम पॉइंट के काम और पानी की दिशा बदलने की व्यवस्था का जायजा लिया।
ग्राम प्रधान राकेश कश्यप ने बताया कि अगर बचाव कार्य करीब एक महीने पहले शुरू हो जाता, तो कदम नगला को इतना नुकसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि अब रैपूरा को बचाने के लिए स्थायी और पक्का बचाव कार्य कराना जरूरी है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर कदम नगला में कटान शुरू होते ही बचाव कार्य शुरू कर दिया जाता, तो शायद गांव को तबाह होने से बचाया जा सकता था।


bdnindia.com bdnindia.com | www.bdnindia.com


