1:40 pm Friday , 4 September 2026
BREAKING NEWS

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

बदायूं। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर श्री रघुनाथ जी (पंजाबी) मंदिर में बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने श्रीकृष्ण, राधा रानी एवं भगवान भोलेनाथ के स्वरूपों में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

विशेष रूप से श्री हर मिलाप सनातन धर्म पब्लिक स्कूल के बच्चो ने मटकी फोड़ का आयोजन कियाजिस पर श्रद्धालुओं ने तालियों एवं जयकारों के साथ उसका उत्साहवर्धन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ा दी।

इस अवसर पर श्री विश्व हिंदू परिषद महिला संकीर्तन मंडल का आठवां वार्षिकोत्सव भी धूमधाम से मनाया गया। महिला श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन की धुनों पर उत्साहपूर्वक नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

श्री सनातन धर्म सभा के मीडिया प्रभारी हेमंत कुमार दुआ ने बताया कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें भारतीय संस्कृति एवं सनातन संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का उत्साहवर्धन उनकी प्रतिभा को निखारने में सहायक होता है।

कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। आयोजन में श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष श्री देवेंद्र कुमार चड्डा सहित अन्य पदाधिकारीगण एवं सदस्यों का सहयोग एवं सहभागिता रही। कार्यक्रम के समापन पर शयन आरती की गई तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस