6:22 pm Thursday , 3 September 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, IPS समेत 4 सीओ के कार्यक्षेत्र बदले।

बदायूं

बदायूं में पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, IPS समेत 4 सीओ के कार्यक्षेत्र बदले।

बदांयू 3 सितंबर।

जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। कानपुर कमिश्नरेट से स्थानांतरण पर आए सहायक पुलिस अधीक्षक आईपीएस सुमेध मिलिंद जाधव के आमद के बाद चार पुलिस अधिकारियों के कार्य विभाजन में बदलाव किया गया है। इस संबंध में एसएसपी ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

एसएसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार – IPS सुमेध मिलिंद जाधव को मिली नगर सर्किल की कमान।
कानपुर से आए आईपीएस अधिकारी सुमेध मिलिंद जाधव को सहायक पुलिस अधीक्षक बदायूं के साथ-साथ क्षेत्राधिकारी नगर की जिम्मेदारी दी गई है। वह कोतवाली, सिविल लाइन, बिनावर, कुंवरगांव व महिला थाने की अपराध स्थिति व कानून व्यवस्था देखेंगे। साथ ही उन्हें क्षेत्राधिकारी लाइन और साइबर क्राइम थाना व साइबर सेल का पर्यवेक्षण भी सौंपा गया है। उनके लिंक अधिकारी सीओ उझानी होंगे और मुख्यालय नगर बदायूं रहेगा।

राहुल पांडेय अब सीओ उझानी
अब तक सीओ नगर/लाइन/यातायात और मीडिया प्रबंधन देख रहे राहुल पांडेय को अब क्षेत्राधिकारी उझानी बनाया गया है। वह थाना उझानी, कादरचौक, उसहैत और मुजरिया क्षेत्र की कानून व्यवस्था संभालेंगे। उनके लिंक अधिकारी सीओ दातागंज होंगे।

सुनील कुमार सिंह को यातायात समेत 7 प्रकोष्ठों का प्रभार
सीओ उझानी/कार्यालय/चुनाव का दायित्व देख रहे सुनील कुमार सिंह को अब पुलिस उपाधीक्षक यातायात/कार्यालय/चुनाव/भवन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही वह पुलिस पेंशनर्स बोर्ड, विशेष जांच प्रकोष्ठ, शिकायत प्रकोष्ठ, जिला अपराध अभिलेख ब्यूरो (DCRB), फील्ड यूनिट और चुनाव सेल का भी पर्यवेक्षण करेंगे।

आलोक सिद्धू को बिल्सी और अपराध का चार्ज
सीओ बिल्सी/अपराध/साइबर अपराध के पद पर तैनात आलोक सिद्धू को अब क्षेत्राधिकारी बिल्सी के साथ-साथ पुलिस उपाधीक्षक अपराध का भी प्रभार दिया गया है। वह थाना बिल्सी, इस्लामनगर और उघैती की अपराध स्थिति देखेंगे। उनका मुख्यालय बिल्सी रहेगा।

एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस फेरबदल को जिले में अपराध नियंत्रण और साइबर अपराध पर अंकुश लगाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस